ब्रेललिपि बनी दृष्टिबाधितों की शिक्षा का मुख्य आधार- अर्चना

Spread the love

:  दो दिवसीय ब्रेल महोत्सव का हुआ समापन

चित्रकूट। दृष्टिबाधितों के सशक्तिकरण हेतु शहर में लंबे समय से काम कर रही सामाजिक संस्था दृष्टि द्वारा आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ब्रेल महोत्सव का मंगलवार को समापन हो गया। सर्वप्रथम सुबह दृष्टिबाधित बच्चों ने लुई ब्रेल को श्रद्धा सुमन अर्पित कर जन जागरूकता रैली निकाली। रैली को सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली चकरेही चौराहा व शंकर बाजार के आसपास घूमी। रैली के माध्यम से संस्था द्वारा नगरवासियों को लुई ब्रेल के व्यक्तित्व व कृतित्व की जानकारी दी गई।

      ब्रेल महोत्सव के द्वितीय दिवस के मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी गोपाल भाई रहे और  भागवताचार्य नवलेश दीक्षित ने अध्यक्षता की। समारोह में दृष्टिबाधितों को खेल के क्षेत्र में सशक्त बनाने वाली दिल्ली की संस्था ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन के कार्यकारी सचिव डेविड एब्सलम, केनरा बैंक लखनऊ की प्रबंधक सलोनी खेन और दृष्टिबाधितों के स्वावलंबन में विगत 22 वर्षों से कार्यरत रघुनाथ प्रसाद को लुई ब्रेल कर्मयोगी सम्मान प्रदान किया गया। संस्था द्वारा अपने संगीत शिक्षक अरुण कुमार एवं सहयोगी उमरिया के बैंक कर्मी रूपनारायण को मानद सदस्यता भी प्रदान की। उन्होंने दृष्टि के साथ जुड़कर दृष्टिबाधितों के जीवन को सहज एवं सरल बनाने में अपना अतुलनीय योगदान दिया। 

     दृष्टि के सचिव शंकर लाल गुप्ता ने बताया कि दृष्टि संस्था द्वारा लुई ब्रेल महोत्सव वर्ष 2009 से लगातार मनाते चले आ रहे हैं। इसके पीछे मुख्य उद्देश्य है कि जिस प्रकार सामान्य बच्चों के बीच कंपटीशन होता है उसी तरह दृष्टिबधितों के बीच भी हो। जिससे वह अपनी योग्यता को स्वयं आंक सके। भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष अर्चना सिंह ने कहा कि ब्रेल लिपि दृष्टिबाधितों की शिक्षा का मुख्य आधार बन गई है। उन्होंने ऐसे बच्चाें काे समाज की मुख्य धारा से जाेड़ने को लेकर शिक्षा देने की वकालत की।

     विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर सरिता अग्रवाल, पद्मा सिंह, विमला गुप्ता, विजय चंद्र गुप्ता, अनीता सिंह, पीडी गुप्ता, सुखदेव शर्मा, संतोष बंसल, पंकज दुबे व बसंत लाल आदि उपस्थित रहे। संचालन सचिव बलवीर सिंह ने किया। वर्षा गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!