तीन लाख श्रद्धालुओं ने किया मत्यगेंद्रनाथ स्वामी का जलाभिषेक 

Spread the love

– शिवालयों में उमड़ी शिवभक्तों की भीड़

– जगह-जगह अखंड रामायण पाठ और भंडारों का आयोजन

चित्रकूट। महाशिवरात्रि के अवसर पर देश भर में भगवान भोलेनाथ की गूंज हो रही है। धर्मनगरी में देश भर से पहुँचे लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं ने मत्यगेंद्रनाथ स्वामी का जलाभिषेक किया। इसके अलावा चर सोमनाथ मंदिर और पहाड़ी के पालेश्वर नाथ में भी सुबह से भारी भीड़ रही।

जिले के शिवालयों में प्रातः ब्रह्म मुहूर्त से भक्तों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजन अर्चन कर पुण्य लाभ लिया। शिवालय हर हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे।

    रामघाट स्थित मत्यगेंद्रनाथ स्वामी को जलाभिषेक के लिए भोर से भक्तों की भीड़ शुरू हो गयी थी। मंदाकिनी स्नान के बाद जलाभिषेक का क्रम शाम तक जारी रहा। जलाभिषेक के बाद भक्तों ने कामदगिरि की परिक्रमा की।  साथ ही हनुमान धारा, सती अनसुईया, गुप्त गोदावरी भरतकूप, राम दर्शन में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। शाम को महाराजाधिराज मत्यगेन्द्रनाथ स्वामी की भव्य बारात निकाली गई। बारात के पूर्व भगवान मत्यगेंद्रनाथ का भव्य श्रृंगार किया गया। हाथी घोड़ा, ढोल नगाड़े से सुसज्जित बारात में हजारों साधु-संत व स्थानीय श्रद्धालु शामिल हैं। इसके साथ ही मंदिर में चार पहर की विशेष आरती का आयोजन भी किया जा रहा है।

  पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। महाशिवरात्रि और अमावस्या पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। जगह-जगह पुलिस फ़ोर्स तैनात है। मत्यगेंद्रनाथ मंदिर में महिला व पुरुष भक्तों को जलाभिषेक के लिए अलग- अलग व्यवस्था की गई थी। भारी संख्या में पुलिस भी तैनात रही जिससे चोर उचक्के मौके का फायदा न उठा सकें।

   मत्यगेंद्रनाथ स्वामी के अलावा चर सोमनाथ मंदिर, पालेश्वर नाथ पहाड़ी में भी जलाभिषेक को भारी भीड़ दिनभर रही। अन्य शिवालयों में भी दर्शकों की भीड़ रही। शिव मंदिरों में अखंड रामायण पाठ और भंडारों का आयोजन भी किया गया।

   अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत रामघाट मतगजेंद्रनाथ स्वामी मंदिर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी हेतु लगे पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी कुंवर बहादुर सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक चित्रकूट शैलेंद्र कुमार राय द्वारा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्वी राजीव कुमार सिंह की मौजूदगी में महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत रामघाट व मतगजेंद्रनाथ स्वामी मंदिर का भ्रमण किया गया। सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी हेतु लगे पुलिस बल को सतर्कता पूर्वक ड्यूटी करने हेतु निर्देशित करते हुये  आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!